रोमांच क्या होता है, यह पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड वनडे मैच में देखने को मिल. 242 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई पाकिस्तान के 9 विकेट 154 पर गिर गए थे, लेकिन शादाब खान ने ऐसा चमत्कार किया कि अंग्रेज जीता हुआ मैच हार गए. शादाब 96 गेंद में 113 रन बनाकर नाबाद लौटे. पाकिस्तान की जीत में हारिस रऊफ का भी उतना ही योगदान रहा, क्योंकि दूसरे छोर पर उन्होंने जैसे-तैसे अपना विकेट बचाए रखा था.
13 चौके और 5 छक्कों से सुसज्जित पारी में शादाब खान ने कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. साथ ही उन्होंने हारिस के साथ मिलकर पार्टनरशिप का भी रिकॉर्ड कायम किया है. बता दें कि इंग्लैंड पर आई एक विकेट की जीत से पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह बना ली है.
10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप
शादाब खान और हारिस रऊफ ने दसवें विकेट के लिए नाबाद 83 रनों की पार्टनरशिप की. यह किसी सफल रन चेज के दौरान वनडे के इतिहास में 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप है. शादाब-हारिस ने मिलकर वेस्टइंडीज के डेरिक मरे और एंडी रॉबर्ट्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1964 में पाकिस्तान के खिलाफ सफल रन चेज के दौरान 64 रन जोड़े थे.
नंबर-8 या उससे निचले क्रम पर सबसे बड़ा स्कोर
वनडे क्रिकेट के इतिहास में आठवें या उससे निचले बल्लेबाजी क्रम पर सबसे बड़ी पारी खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब शादाब खान के नाम हो गया है. शादाब ने 113 रन बनाए, जबकि उनसे पहले यह रिकॉर्ड सिमी सिंह और मेहदी हसन मिराज के नाम था, उन दोनों ने नंबर-8 या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 100 रन बनाए थे.
जीत में सबसे ज्यादा रनों का योगदान
पाकिस्तान की टीम 242 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी. इस सफल रन चेज में अकेले शादाब खान ने 113 रन बनाए, जो पाकिस्तान के कुल स्कोर का 46.5 प्रतिशत हिस्सा रहा. 100 या उससे ज्यादा वनडे टोटल बनाने वाली टीमों में शादाब खान का 46.5 प्रतिशत का योगदान दूसरा सबसे बड़ा है.
ODI में 1000 रन पूरे
113 रन, यह शादाब खान के वनडे करियर का सबसे पहला शतक रहा. इसी यादगार पारी के दौरान उन्होंने वनडे क्रिकेट में 1000 रनों का आंकड़ा भी छू लिया है. उन्होंने अब तक 47 वनडे पारियों में 1068 रन बनाए हैं. इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी करते हुए ODI क्रिकेट में 87 विकेट भी चटकाए हैं.
यह भी पढ़ें:
शादाब खान के नाम हुआ ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’, नाबाद 113 रन की पारी से लिखा नया इतिहास






