‘रामायण’ में रणबीर के कवच की अनोखी कहानी, असम के 15 कारीगरों ने साढ़े तीन साल में बनाए 35 आर्मर

‘रामायण’ में रणबीर के कवच की अनोखी कहानी, असम के 15 कारीगरों ने साढ़े तीन साल में बनाए 35 आर्मर


नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. ये बॉक्स ऑफिस पर भी ताबड़तोड़ कमाई कर रही है और आए दिन नए रिकॉर्ड बना रही है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आ रहे हैं. रणबीर की एक्टिंग के साथ-साथ उनके आभूषणों और कवच की भी खूब चर्चा हो रही है.

फिल्म के एक सीन में रणबीर एक खास कवच पहने नजर आते हैं, जिसे असम के एक छोटे से गांव के कारीगरों ने तैयार किया है. बारपेटा जिले के जनिया बांगलीपारा गांव के मास्टर कारीगर जैनुल आब्दीन की अगुवाई में 15 लोगों की टीम ने मिलकर ये कवच बनाया है. गन्ने और रबर से तैयार किए गए इन खास आर्मर को बनाने में करीब साढ़े तीन साल का समय लगा. कारीगरों की इस टीम ने फिल्म के लिए ऐसे 30 से 35 आर्मर हाथ से तैयार किए.

ऐसे असम के गांव तक पहुंचा ‘रामायण’ का प्रोजेक्ट

जैनुल आब्दीन ने एएनआई से बातचीत में बताया कि ये प्रोजेक्ट सीधे उनके पास नहीं आया था. सबसे पहले ये जनिया की स्थानीय संस्था ‘ग्राम उन्नयन’ के अब्दुल मलिक के पास पहुंचा था. इसके बाद उन्होंने जैनुल को बुलाकर प्रोजेक्ट के बारे में बताया और डिजाइन देखने के लिए कहा.

जैनुल ने बताया, ‘ये प्रोजेक्ट सीधे मेरे पास नहीं आया था. सबसे पहले ये यहां जनिया में ग्राम उन्नयन के अब्दुल मलिक जी के पास पहुंचा था. उन्होंने मुझे बुलाया और बताया कि एक प्रोजेक्ट आया है, जिसे देखने की जरूरत है. शुरुआत में उन्होंने ड्रॉइंग और डिजाइन वाली एक फाइल भेजी थी. उसे देखने के बाद मैंने कहा कि ये काम किया जा सकता है. इसके बाद मैंने अपनी टीम के मुखिया से इस बारे में बात की. जल्द ही उनकी टीम के पांच-छह सदस्य यहां पहुंचे. सागर नाम का एक सदस्य हमारे साथ ही रुक गया, ताकि वह नाप लेने और डिजाइन में जरूरी बदलाव करने में मदद कर सके.’

शुद्ध गन्ने से कवच बनाने में आई परेशानी

फिल्म के एक्शन सीन के लिए ऐसा कवच तैयार करना जरूरी था, जिसे कलाकार आसानी से पहन सकें और शूटिंग के दौरान हिलने-डुलने में भी परेशानी न हो. जैनुल आब्दीन ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने शुद्ध गन्ने से कवच का एक नमूना तैयार किया था. लेकिन इसे पहनने के बाद गर्दन और कंधों के पास फिटिंग में कुछ परेशानी आई. ऐसे में उसमें बदलाव करने के लिए उसे वापस भेज दिया गया. 

शुरुआती कट ठीक करने के बाद जब फिल्म के मुख्य अभिनेता ने इसे पहना, तो उन्हें ये काफी सख्त और टाइट लगा. इसके बाद टीम ने कारीगरों से दूसरे विकल्प के बारे में पूछा. जैनुल ने बताया कि उन्होंने गन्ने के साथ रबर का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था.

गुवाहाटी एयरपोर्ट तक ऐसे पहुंचाए जाते थे कवच

गन्ने और रबर से तैयार किए गए नए डिजाइन को मंजूरी मिलने के बाद कारीगरों ने इस पर काम शुरू किया. हालांकि, ये काम लगातार नहीं चलता था. जब भी फिल्म की टीम को नए आर्मर की जरूरत होती, तभी कारीगरों को ऑर्डर मिलता था. कई बार तीन से छह महीने तक कोई खबर नहीं आती थी और फिर अचानक शूटिंग से पहले आठ से दस कवच तैयार करने का काम मिल जाता था.

मुंबई में शूटिंग के लिए इन कवच को बारपेटा से गुवाहाटी एयरपोर्ट भेजा जाता था. जैनुल ने बताया कि उन्हें एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति का नंबर दिया गया था, जिसे वो तैयार जैकेट सौंप देते थे. 

Ramayana: रणबीर कपूर का कवच बनाने में लगे साढ़े तीन साल, असम के छोटे से गांव के 15 कारीगरों ने तैयार किए 35 आर्मर

उन्होंने कहा, ‘उन्होंने मुझे गुवाहाटी एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति का नंबर दिया था और कहा था कि जैकेट उसे सौंप देनी हैं. मैं एयरपोर्ट जाता और उसे जैकेट दे देता था. इसके दो से तीन घंटे के अंदर फोन आ जाता था कि उन्हें सामान मिल गया है. ये काम लगातार नहीं चलता था. कभी-कभी तीन से छह महीने तक कोई खबर नहीं आती थी. फिर अचानक फोन आता था कि शूटिंग शुरू होने से पहले बहुत कम समय में आठ या दस पीस तैयार करने हैं. कुल मिलाकर, तीन से साढ़े तीन साल के दौरान हमने करीब 30 से 35 पीस तैयार करके भेजे.’

कारीगरों को नहीं बताया गया था कि कवच ‘रामायण’ के लिए बन रहे हैं

इस पूरे प्रोजेक्ट में शामिल जनिया बांगलीपारा गांव के 15 कारीगरों ने लंबे समय तक इसे गुप्त रखा. दिलचस्प बात ये है कि शुरुआत में उन्हें यह तक नहीं बताया गया था कि वो जिस फिल्म के लिए कवच बना रहे हैं, वो ‘रामायण’ है. उन्हें सिर्फ इतना बताया गया था कि ये जैकेट एक फिल्म की शूटिंग के लिए तैयार की जा रही हैं.

‘रामायण’ ने अब तक कमाए इतने करोड़ रुपये

बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आ रहे हैं. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायण’  ने रिलीज के 5वें दिन यानी पहले सोमवार को 107.50 करोड़ की कमाई की है. इस फिल्म ने पहले दिन 64.85 करोड़, दूसरे दिन 48.05 करोड़, तीसरे दिन 69.80 करोड़ और चौथे दिन 56.15 करोड़ का कलेक्शन किया. इसी के साथ इस फिल्म की भारत में 5 दिनों की नेट कमाई अब 346.35 करोड़ रुपये हो गई है.





Source link