26/11 के मास्टमाइंड हाफिज सईद की पार्टी को बड़ा झटका, PAK उपचुनाव में हुई करारी हार

26/11 के मास्टमाइंड हाफिज सईद की पार्टी को बड़ा झटका, PAK उपचुनाव में हुई करारी हार


मुंबई 26/11 आतंकी हमले के मास्टमाइंड हाफिज सईद की राजनीतिक पार्टी को पाकिस्तान में हुए संसदीय उपचुनाव में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित गुजरांवाला (NA-77) सीट पर हुए इस उपचुनाव में सत्ताधारी पार्टी ‘पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज’ (PML-N) ने हाफिज सईद के समर्थित उम्मीदवार को हरा दिया.

पाकिस्तान चुनाव आयोग की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक, हाफिज सईद के पॉलिटिकल ब्रांच ‘पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग’ (PMML) के उम्मीदवार मोहम्मद इब्राहिम गुर्जर को 30,000 से अधिक वोट मिले, जबकि PML-N के प्रत्याशी राशिद बशीर विर्क ने 43,000 से ज्यादा वोट हासिल कर जीत दर्ज की. यह सीट सांसद महमूद बशीर विर्क के निधन के बाद खाली हुई थी. इस चुनाव में इमरान खान की पार्टी पीटीआई, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) और जमात-ए-इस्लामी ने अपना कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा था.

धांधली का आरोप और चुनाव का बहिष्कार

पाकिस्तान में हुए उपचुनाव के दौरान मतदान का प्रतिशत काफी कम रहा, वहीं एक गांव के लोगों ने वोटिंग का पूरी तरह से बहिष्कार किया. चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में सत्ताधारी पार्टी के पांच महिला सांसदों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया. हार के बाद PMML ने नतीजों को खारिज करते हुए सत्ताधारी PML-N पर बड़े पैमाने पर धांधली करने का आरोप लगाया है.

PMML ने 2024 के आम चुनावों में भी किस्मत आजमाई थी, लेकिन वह एक भी सीट जीतने में नाकाम रही थी. आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयाबा और जमात-उद-दावा के संस्थापक हाफिज सईद का यह नया राजनीतिक संगठन पाकिस्तानी सेना के समर्थन से काम करने के लिए जाना जाता है.

हाफिज सईद प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयाबा और जमात-उद-दावा का संस्थापक है, जो 166 निर्दोष लोगों की जान लेने वाले 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का मुख्य साजिशकर्ता है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकी घोषित होने के बावजूद हाफिज सईद का नेटवर्क पाकिस्तान की राजनीति में पैठ बनाने की कोशिश कर रहा है.



Source link