Farmer ID Kaise Banwaye: किसानों का सरकारी योजनाओं का फायदा लेने के लिए कई बार अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. कभी आधार कार्ड देना पड़ता है तो कभी जमीन के कागजात जमा करने होते हैं. लेकिन अगर आपके पास फार्मर आईडी यानी किसान पहचान पत्र है तो इससे आपको काफी मदद मिल सकती है,
सरकार की एग्रीस्टैक पहल के तहत किसानों की एक डिजिटल पहचान बनाई जा रही है. इससे खेती और किसान से जुड़ी जरूरी जानकारी एक जगह मिल सकेगी. आपको बता दें कि, अब तक देश में (23 अक्टूबर तक) 11 करोड़ फार्मर आईडी बन चुकी है. ऐसे में अगर आपने अभी तक अपनी फार्मर आईडी नहीं बनवाई है तो जान लीजिए कि, इसके लिए घर बैठे आवेदन कैसे कर सकते हैं.
क्या है फार्मर आईडी और क्यों है जरूरी?
फार्मर आईडी किसानों की एक खास डिजिटल पहचान है. इसमें किसान की पहचान और खेती से जुड़ी जानकारी सरकारी रिकॉर्ड से जोड़ी जाती है. इसका मकसद सरकारी योजनाओं का फायदा सही किसान तक पहुंचाना और बार-बार कागजात जमा करने की परेशानी कम करना है.
आने वाले समय में इससे फसल बीमा, खेती के लिए कर्ज, आपदा में मिलने वाली मदद और फसल बेचने जैसी सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी हो सकती है. हालांकि, हर योजना के अपने नियम होंगे और केवल फार्मर आईडी बनने से सभी योजनाओं का फायदा अपने आप नहीं मिलेगा.
घर बैठे ऐसे बनवाएं फार्मर आईडी
- फार्मर आईडी बनवाने के लिए अपने राज्य के आधिकारिक फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल पर जाएं.
- दरअसल, देशभर में एक ही वेबसाइट से सभी किसानों की आईडी नहीं बनाई जा रही है.
- अलग-अलग राज्यों ने इसके लिए अपनी व्यवस्था बनाई है.
- सबसे पहले अपने राज्य की आधिकारिक किसान रजिस्ट्री वेबसाइट खोलें.
- वहां किसान रजिस्ट्रेशन या लॉगिन का विकल्प चुनें.
- इसके बाद आधार नंबर और मोबाइल नंबर की मदद से अपनी पहचान की जांच पूरी करें.
- जरूरत पड़ने पर मोबाइल पर आया ओटीपी दर्ज करना होगा.
अब स्क्रीन पर दिखाई देने वाली अपनी जानकारी और खेती की जमीन का विवरण ध्यान से जांचें. अगर सभी जानकारी सही है, तो आवेदन जमा कर दें. जरूरी जांच पूरी होने के बाद आपकी फार्मर आईडी जारी की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: किसानों के खाते में सीधे आ सकती है खाद सब्सिडी? ICRIER ने दिया सुझाव
फार्मर आईडी के लिए क्या-क्या चाहिए?
आवेदन के दौरान किसानों को आधार कार्ड, आधार से जुड़े मोबाइल नंबर और जमीन से संबंधित जानकारी की जरूरत पड़ सकती है. कुछ राज्यों में जमीन का खसरा या खाता नंबर भी मांगा जा सकता है.
ऑनलाइन आवेदन नहीं हो रहा तो क्या करें?
अगर मोबाइल से फार्मर आईडी नहीं बन पा रही है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर यानी सीएससी, कृषि विभाग के कार्यालय या गांव में लगने वाले किसान रजिस्ट्री शिविर में जा सकते हैं. वहां जरूरी कागजात लेकर जाएं और आवेदन पूरा करने में मदद लें. अगर जमीन के रिकॉर्ड में कोई गलती है, तो उसे ठीक कराने की जानकारी भी संबंधित कार्यालय से लें. इससे फार्मर आईडी बनवाने में आने वाली परेशानी कम हो सकती है.
यह भी पढ़ें: PM Kisan: 24वीं किस्त की तारीख तय, लेकिन इन किसानों को लग सकता है झटका






