जिम में अचानक होती मौत का सच आया सामने, ICMR की रिपोर्ट में खुलासा

जिम में अचानक होती मौत का सच आया सामने, ICMR की रिपोर्ट में खुलासा


जिम में कसरत करते वक्त, डांस करते हुए या रोजमर्रा के काम के दौरान अचानक जान गंवा देने वाले युवाओं के मामले पिछले कुछ सालों में लगातार सामने आए हैं. ऐसी मौतों के पीछे आखिर वजह क्या है, इसे समझने के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद यानी आईसीएमआर ने एक बड़ा अध्ययन किया है. इस अध्ययन में सामने आया है कि कम उम्र में दिल का दौरा पड़ने और खून का थक्का बनने के पीछे आनुवंशिक इतिहास, पहले से चली आ रही बीमारियां और धूम्रपान जैसी आदतें प्रमुख वजह हैं. 

कैसे हुआ अध्ययन?

आईसीएमआर के राष्ट्रीय महामारी विज्ञान संस्थान के शोधकर्ताओं ने यह अध्ययन देश के 25 बड़े अस्पतालों में किया. इसमें उन मरीजों को शामिल किया गया, जिन्हें समय पर इलाज मिलने की वजह से बचा लिया गया था. अध्ययन का मकसद यह समझना था कि कम उम्र में दिल के दौरे और खून के थक्के बनने के पीछे कौन से कारण जिम्मेदार होते हैं. इसके लिए 18 से 45 साल की उम्र के 767 मरीजों को अध्ययन में शामिल किया गया. 

इनमें से 432 यानी करीब 56.3 फीसदी मरीजों को दिल का दौरा पड़ा था, जबकि करीब 25.8 फीसदी मरीजों को दिमाग की नस में खून का प्रवाह रुकने की समस्या यानी स्ट्रोक हुआ था. दोनों तरह के मामलों को मिलाकर देखें तो यह कुल मरीजों का करीब 82 फीसदी हिस्सा बनता है. खास बात यह रही कि इनमें से 614 यानी करीब 80.1 फीसदी मरीज 31 से 45 साल की उम्र के थे. 

किन कारणों से बढ़ता है खतरा?

अध्ययन में कुछ खास जोखिम वाले कारकों की पहचान की गई है, जिनसे दिल के दौरे और खून के थक्के का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. जिन मरीजों को पहले भी कभी खून का थक्का बनने की समस्या हो चुकी थी, उनमें दिल के दौरे का खतरा सामान्य लोगों के मुकाबले करीब 60 गुना ज्यादा पाया गया. वहीं जिन मरीजों को पहले से कोई दूसरी बीमारी थी, उनमें यह खतरा करीब 4.6 गुना ज्यादा मिला. धूम्रपान करने वाले लोगों में दिल के दौरे का खतरा साढ़े तीन गुना ज्यादा पाया गया. इसके अलावा जिन मरीजों के परिवार में पहले किसी को खून का थक्का बनने की समस्या रह चुकी थी, उनमें भी यह खतरा 3.3 गुना ज्यादा देखा गया. 

कोविड और वैक्सीन को लेकर क्या मिला?

अध्ययन में यह भी देखा गया कि जो लोग पहले कोविड की वजह से अस्पताल में भर्ती हो चुके थे, उनमें भी आगे चलकर खून का थक्का बनने के मामले सामने आए. हालांकि इस पूरे अध्ययन की सबसे राहत भरी बात यह रही कि कोविड टीका लगवाने वाले लोगों में इस वजह से कोई अतिरिक्त नुकसान नहीं देखा गया.

यह भी पढ़ें: हमेशा अकेले खाना खाते हैं? जानें कैसे मेंटल हेल्थ बिगाड़ती है ये आदत

डॉक्टरों की सलाह क्यों जरूरी?

शोधकर्ताओं का कहना है कि इस अध्ययन के नतीजे उन युवाओं के लिए खास तौर पर काम के हैं, जिनकी जीवनशैली में धूम्रपान, अनियमित खानपान या बिना जांच के तेज कसरत जैसी आदतें शामिल हैं. जिन लोगों के परिवार में पहले किसी को कम उम्र में दिल का दौरा या खून का थक्का बनने की समस्या रही हो, उन्हें जिम या तेज कसरत शुरू करने से पहले डॉक्टर से जांच करवा लेनी चाहिए. 

यह भी पढ़ें: फरीदाबाद के प्राइवेट अस्पतालों में आज नहीं चलेगा आयुष्मान कार्ड, जान लें वजह

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link