गेहूं और धान जैसी परंपरागत फसलों में किसान को साल में एक या दो बार ही फसल काटने और बेचने का मौका मिलता है, जिससे पूरे साल की कमाई एक ही बार में हाथ में आती है. लेकिन कुछ ऐसी सब्जियां भी हैं, जिनकी खेती करने वाले किसानों को हफ्तों और महीनों तक लगातार तुड़ाई का मौका मिलता रहता है. इन सब्जियों की खासियत यह है कि एक ही खेत से बार-बार उपज मिलती है, जिससे किसान की जेब में रुक-रुककर नहीं बल्कि लगातार पैसा आता रहता है. आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ सब्जियों के बारे में, जो किसानों के लिए मुनाफे का बेहतर जरिया बन रही हैं.
भिंडी से रोजाना की कमाई
भिंडी की खेती किसानों के बीच खासी लोकप्रिय है, क्योंकि इसमें पौधा लगने के बाद कई हफ्तों तक लगातार भिंडी तोड़ी जा सकती है. एक हेक्टेयर खेत में भिंडी की खेती से करीब 150 क्विंटल तक पैदावार मिल सकती है. बीज पर खर्च ज्यादा नहीं आता, लेकिन जुताई, सिंचाई, खाद और तुड़ाई जैसे कामों को मिलाकर पूरी खेती में एक हेक्टेयर पर करीब दो लाख रुपये तक का खर्च आ सकता है. सबसे बड़ी बात यह है कि भिंडी की तुड़ाई हर दो-तीन दिन में की जा सकती है, जिससे किसान को मंडी में रोजाना या हफ्ते में कई बार सब्जी बेचने का मौका मिलता रहता है.
हरी मिर्च भी देती है लगातार मुनाफा
हरी मिर्च की खेती में भी बार-बार तुड़ाई की खासियत होती है. एक बार पौधा तैयार हो जाने के बाद महीनों तक मिर्च तोड़ी जा सकती है, जिससे किसान की कमाई का सिलसिला लंबे समय तक बना रहता है. बाजार में हरी मिर्च की मांग साल भर बनी रहती है, इसलिए किसानों को अच्छा दाम मिलने की संभावना भी ज्यादा रहती है.
लौकी, तोरी और कद्दू में कम मेहनत, अच्छी पैदावार
लौकी, तोरी और कद्दू जैसी बेल वाली सब्जियां भी किसानों के लिए फायदे का सौदा साबित होती हैं. इनकी खेती में देखभाल की जरूरत अपेक्षाकृत कम होती है, लेकिन उपज लगातार मिलती रहती है. एक बार बेल फैलने के बाद हफ्तों तक फल तोड़े जा सकते हैं, जिससे किसान को बार-बार खेत जोतने या नई फसल लगाने की जरूरत नहीं पड़ती.
यह भी पढ़ें: अपने किचन गार्डन में कैसे उगाएं लाल आलू? इनमें छिपा है सेहत का खजाना
टमाटर, बैंगन और पालक भी अच्छे विकल्प
टमाटर और बैंगन की खेती में भी एक बार पौधा लगने के बाद लंबे समय तक फल मिलता रहता है. रबी और खरीफ के बीच का खाली समय भी किसान इन सब्जियों को उगाकर पूरी तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा पालक जैसी पत्तेदार सब्जी में भी एक ही खेत से कई बार कटाई की जा सकती है, क्योंकि कटाई के बाद पौधा दोबारा उग आता है. इससे किसान को एक ही बुआई में कई बार फसल मिलने का फायदा होता है.
यह भी पढ़ें: एक एकड़ में लगाएं ऑरेंज का बगीचा, हर साल इतना होगा मुनाफा






