Fertilizer Business: अगर आप भी गांव में रहकर अपना बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, लेकिन इस बात को लेकर कंफ्यूज हैं कि, कौन-सा कारोबार करें तो आज हम आपको एख बेहतरीन और मुनाफे वाले बिजनेस के बारे में बताने जा रहे हैं. ज्यादातर गांव में लोग रोजी रोटी के लिए खेती-किसानी पर निर्भर होते हैं. इसके लिए उन्हें खाद, बीज और कीटनाशक की आए दिन जरूरत पड़ सकती है. ऐसे में खाद-बीज की दुकान खोलना एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
दरअसल, किसानों को हर फसल के मौसम में बीज, खाद और फसलों को कीड़ों से बचाने वाली दवाइयों की जरूरत पड़ती है. ऐसे में इस कारोबार की मांग बनी रहती है. हालांकि, दुकान खोलने से पहले यह जानना जरूरी है कि इसके लिए कितनी पढ़ाई, ट्रेनिंग और लाइसेंस की जरूरत होती है.
खाद-बीज की दुकान खोलने के लिए क्या योग्यता चाहिए?
अगर आप खाद और कीटनाशक बेचने की दुकान खोलना चाहते हैं, तो इसके लिए कुछ पढ़ाई-लिखाई की योग्यता होना जरूरी है. खाद और कीटनाशक बेचने का लाइसेंस लेने के लिए कृषि या रसायन विज्ञान से जुड़ी पढ़ाई मांगी जा सकती है. वहीं, बीज बेचने के लिए अलग नियम हो सकते हैं. इसलिए दुकान खोलने से पहले अपने जिले के कृषि विभाग में जाकर पता कर लें कि, लाइसेंस लेने के लिए आपको कितनी पढ़ाई और किन दस्तावेजों की जरूरत होगी.
एक बात का खास ध्यान रखें कि सिर्फ दुकान खोलने की जगह और पैसा होना काफी नहीं है. खाद, बीज और कीटनाशक बेचने के लिए संबंधित लाइसेंस लेना जरूरी है. बिना जरूरी अनुमति के इनकी बिक्री करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
15 दिन की ट्रेनिंग भी करनी पड़ सकती है
खाद और कीटनाशक की दुकान खोलने के लिए कई बार आपको एक छोटी सी ट्रेनिंग लेनी पड़ सकती है और एक टेस्ट भी देना होता है. आमतौर पर ये ट्रेनिंग 15 दिनों की होती है. इसमें आपको सिखाया जाता है कि, खाद और बीज को सही तरीके से कैसे रखें, जहरीली दवाइयों को सुरक्षित कैसे संभालें, किसानों को सही सलाह कैसे दें और दुकान का हिसाब-किताब कैसे मेंटेन करें. इसके नियम हर जगह थोड़े अलग हो सकते हैं, इसलिए काम शुरू करने से पहले एक बार अपने जिले के कृषि विभाग में जाकर पूरी जानकारी जरूर ले लें.
यह भी पढ़ें: मूंगफली के तेल का बिजनेस ऐसे करें शुरू, जानें कितना आएगा खर्चा?
लाइसेंस के लिए कहां करें आवेदन?
ट्रेनिंग और जरूरी पढ़ाई पूरी करने के बाद, आप अपने जिले के कृषि विभाग में लाइसेंस के लिए अप्लाई कर सकते हैं. इसके बाद अधिकारी आपकी दुकान और गोदाम की चेकिंग करने आ सकते हैं. वो देखेंगे कि दुकान की जगह कैसी है, सामान सही से रखने का इंतजाम है या नहीं और सुरक्षा को लेकर कोई दिक्कत तो नहीं है.
जब आपके सारे कागज सही मिल जाएंगे और सारी शर्तें पूरी हो जाएंगी, तो आपको लाइसेंस मिल जाएगा. बस इसके बाद आप नियम के हिसाब से अपना काम शुरू कर सकते हैं.
दुकान खोलने में कितना पैसा लगेगा?
खाद-बीज और दवाइयों की दुकान शुरू करने के लिए करीब 8 से 10 लाख रुपये तक के निवेश का अनुमान बताया गया है. इसमें दुकान का किराया या जगह, शुरुआती सामान, रैक, गोदाम और दूसरे जरूरी खर्च शामिल हो सकते हैं. हालांकि, असल लागत आपके इलाके, दुकान के आकार और शुरुआती माल की मात्रा के हिसाब से कम या ज्यादा हो सकती है.
यह भी पढ़ें: गांव में शुरू करें ये कारोबार, सरकार देगी 15 लाख रुपये तक की सब्सिडी






