भारत के पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न से सम्मानित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम को देश में मिसाइल मैन के रूप में जाना जाता है. 1962 में वे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े. कलाम को प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में भारत का पहला स्वदेशी उपग्रह बनाने का श्रेय दिया जाता है. उन्होंने 1980 में रोहिणी उपग्रह को पृथ्वी की कक्षा के निकट स्थापित किया, जिससे भारत अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष क्लब का सदस्य बन गया. इसके अलावा स्वदेशी तकनीक से अग्नि और पृथ्वी जैसी मिसाइलों को डिजाइन करने का श्रेय भी डॉक्टर कलाम को जाता है.

भौतिकी के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार पाने वाले सीवी रमन पहले एशियाई वैज्ञानिक थे. 28 फरवरी 1928 को उन्होंने रमन प्रभाव की खोज की, जिसके लिए उन्हें 1930 में भौतिक का नोबेल पुरस्कार और 1954 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया. प्रकाश प्रकीर्णन के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है. इसके अलावा उन्होंने वाद्य यंत्रों की ध्वनियों और उनकी तरंग प्रकृति का भी गहन अनुसंधान किया था.

भारत में परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम की कल्पना डॉ. होमी जहांगीर भाभा के योगदान के बिना अधूरी है. उन्हें आर्किटेक्ट ऑफ इंडिया एटॉमिक एनर्जी प्रोग्राम भी कहा जाता है. जब नाभिकीय विज्ञान के बारे में दुनिया में सीमित जानकारी थी, तब भाभा ने इस पर काम शुरू किया था. उन्हीं के प्रयासों और दूरदर्शिता का परिणाम था कि भारत 1974 में अपना पहला परमाणु परीक्षण करने में सफल रहा और देश परमाणु शक्ति संपन्न बना.

विक्रम अंबालाल साराभाई को भारतीय अंतरिक्ष इतिहास का जनक माना जाता है, क्योंकि उन्होंने ही देश में अंतरिक्ष कार्यक्रम की नींव रखी थी. गुजरात के अहमदाबाद से ताल्लुक रखने वाले साराभाई ने न्यूक्लियर एनर्जी और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में योगदान देने के साथ देशभर में अंतरिक्ष और रिसर्च से जुड़े करीब 40 संस्थाओं की स्थापना की. थुम्बा इक्वेटोरियल रॉकेट लॉन्चिंग स्टेशन की स्थापना में भी उनकी अहम भूमिका रही.

महान वैज्ञानिक सीवी रमन के भतीजे डॉ. सुब्रमण्यम चंद्रशेखर को खगोल भौतिकी में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए 1983 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार दिया गया. उन्होंने श्वेत बौने नक्षत्रों की खोज की और तारों की सीमा से जुड़े चंद्रशेखर सीमा का प्रतिपादन किया, जिससे ब्रह्मांड और तारों की उत्पत्ति के रहस्य को सुलझाने में बड़ी मदद मिली.

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में जन्मे प्रसिद्ध खगोल भौतिकी वैज्ञानिक जयंत विष्णु नार्लीकर ने ब्रह्मांड की उत्पत्ति से जुड़े बिग बैंग सिद्धांत के अलावा फ्रेड हॉयल के साथ मिलकर स्थैतिक अवस्था सिद्धांत और हॉयल नार्लीकर सिद्धांत का प्रतिपादन किया. विज्ञान के अनुसंधान के साथ उन्होंने विज्ञान साहित्य के जरिए आम जनता में विज्ञान के प्रचार प्रसार में भी बहुमूल्य योगदान दिया.

तमिलनाडु के चिदंबरम में जन्मे भारतीय मूल के वैज्ञानिक वेंकटरामन रामकृष्णन को 2009 में रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया. उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान कोशिका के अंदर प्रोटीन का निर्माण करने वाली राइबोसोम की संरचना और कार्यप्रणाली के उत्कृष्ट अध्ययन के लिए मिला था.

डॉ. जगदीश चंद्र बोस भौतिक, जीव विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और पुरातत्व के अप्रतिम ज्ञानी थे. वे दुनिया के पहले ऐसे वैज्ञानिक थे, जिन्होंने रेडियो और सूक्ष्म तरंगों की प्रकाशिकी पर काम किया. इसके अलावा उन्हें पौधों की संवेदनाओं पर रिसर्च करते हुए क्रेस्कोग्राफ यंत्र का आविष्कार किया और साबित किया कि पौधों में भी जीवन और भावना होती है, उन्हें रेडियो विज्ञान के अग्रदूतों में गिना जाता है.

महान भौतिकशास्त्री सत्येंद्र नाथ बोस को उनके क्वांटम मैकेनिक्स के कार्यों के लिए पूरी दुनिया जानती है. भौतिक शास्त्र में बहुत आसान और फर्मियान अणुओं में से बोसान का नाम सत्येंद्र नाथ बोस के नाम पर ही रखा गया. उन्होंने अल्बर्ट आइंस्टीन के साथ मिलकर बोस- आइंस्टीन स्टैटिक्स की खोज की थी, जो आधुनिक भौतिकी का एक बड़ा आधार बनी.

भारतीय मूल के अमेरिकी वैज्ञानिक डॉ. हरगोबिंद खुराना को आनुवंशिक कोड की व्याख्या और उसके अनुसंधान के लिए 1968 में मेडिसिन के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया. उनके इस महत्वपूर्ण अनुसंधान से चिकित्सा विज्ञान को यह समझने में मदद मिली की कोशिका के अनुवांशिक कूट को ले जाने वाले न्यूक्लिक एसिड कैसे प्रोटीन संश्लेषण को नियंत्रित करते हैं.
Published at : 10 Nov 2026 10:37 AM (IST)
Tags :






